देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में फर्जी दस्तावेज़ तैयार करवाने की बढ़ती कोशिशों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि सरकार ऐसे मामलों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दस वर्षों में बनाए गए सभी प्रमाणपत्रों, राशन कार्ड, बिजली कनेक्शन, आधार कार्ड और वोटर आईडी सहित तमाम डेमोग्राफिक रिकॉर्ड की सघन जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और फर्जी दस्तावेज़ तैयार करवाने वालों तथा इसमें शामिल कर्मचारियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जो लोग फर्जी दस्तावेज़ बनवाने की कोशिश कर रहे हैं, वे सावधान हो जाएं, क्योंकि सरकार हर ऐसे मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।