देहरादून
उत्तराखंड के राजभवन में उत्तराखंड एआई मिशन द्वारा आयोजित “उद्भव 2025” कार्यक्रम का बीते कल भव्य आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस दौरान राज्यपाल ने राज्य की पहली एआई पॉलिसी सॉफ्टवेयर लॉन्च की और कहा कि आज का समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का युग है, आने वाले वर्षों में एआई का व्यापक विस्तार होगा और इसके माध्यम से हर प्रकार की जटिल समस्या का समाधान संभव है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में भी आधुनिक ड्रोन तकनीक का सफल उपयोग किया गया, जो दर्शाता है कि तकनीकी क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्यपाल ने विश्वास जताया कि 2047 तक देश विश्व गुरु के रूप में स्थापित होगा और उत्तराखंड एआई मिशन 2025 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसकी तैयारी के लिए कई स्तरीय चर्चाएँ और बैठकें की गईं। कार्यक्रम में 25 संस्थानों ने प्रतिभाग किया। वहीं, आईटी सचिव नीतीश झा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अगस्त 2025 में इस मिशन की घोषणा की थी, जिसकी आज औपचारिक लॉन्चिंग की गई है। सरकार चाहती है कि उद्योगपति और विभिन्न संस्थान इस मिशन में अपने सुझाव दें। आज कार्यक्रम में मिशन के तहत तैयार किए गए महत्त्वपूर्ण डाटा की भी लॉन्चिंग की गई।