देहरादून: उत्तराखंड शासन द्वारा यूजेवीएन लिमिटेड (UJVNL) के प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्त किए गए अजय कुमार सिंह ने गुरुवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई चयन प्रक्रिया के बाद उनकी नियुक्ति की गई थी।
अजय कुमार सिंह इससे पहले यूजेवीएनएल में प्रभारी प्रबंध निदेशक के साथ-साथ निदेशक (परिचालन) का अतिरिक्त दायित्व भी संभाल रहे थे। वर्ष 2005 में अधिशासी अभियंता के रूप में अपने सेवाकाल की शुरुआत करने वाले सिंह को जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण, संचालन और प्रबंधन का लंबा अनुभव है। उन्होंने नाथपा-झाकड़ी, कोल डैम, लारजी, मनेरी-भाली द्वितीय और व्यासी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में अहम भूमिका निभाई है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद अजय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना सहित सभी निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करना होगी। इसके साथ ही पुराने जलविद्युत संयंत्रों के आधुनिकीकरण, सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS), भूतापीय ऊर्जा और पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं को भी गति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और एनर्जी सरप्लस राज्य बनाने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना भी उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही निगम की वित्तीय स्थिति मजबूत करने, आधुनिक तकनीक अपनाने और सुशासन आधारित कार्यसंस्कृति विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यभार ग्रहण के अवसर पर यूजेवीएनएल के निदेशक (परियोजनाएं) सुरेश चंद्र बलूनी, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी, आशीष कुमार जैन, जी.एस. बुदियाल सहित निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में निगम के नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का विश्वास जताया।