गुलदार आतंक पर बोले भाजपा विधायक विनोद चमोली — कहा, यह सरकार नहीं, पूरे समाज का मुद्दा

देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गुलदार का बढ़ता आतंक लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। पौड़ी समेत कई क्षेत्रों में गुलदार हमलों में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। हाल ही में श्रीनगर में लोगों ने प्रदर्शन कर आदमखोर गुलदार को पकड़ने की मांग उठाई, जबकि कांग्रेस ने वन विभाग का घेराव कर सरकार पर लापरवाही के आरोप लगाए।

 

इस मुद्दे पर भाजपा विधायक विनोद चमोली ने वन्यजीव–मानव संघर्ष को पहाड़ की पुरानी त्रासदी बताया। उन्होंने कहा कि यह समस्या किसी एक सरकार के कार्यकाल की नहीं, बल्कि वर्षों से जारी स्थिति का परिणाम है। चमोली ने कहा कि पलायन के कारण गांवों के खाली होने और जंगलों के विस्तार ने जंगली जानवरों को मानव बस्तियों के करीब ला दिया है, जिससे घटनाएं बढ़ रही हैं।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह किसी राजनीतिक दल से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि जनता से जुड़ी गंभीर समस्या है जिसमें सभी को मिलकर समाधान तलाशने की जरूरत है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए चमोली ने कहा कि विरोध करने से बेहतर है कि पार्टी रचनात्मक सुझाव दे, ताकि सरकार प्रभावी कदम उठा सके।