कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नव-निर्वाचित सहकारी समितियों के पदाधिकारियों को बधाई

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को अपने कैंप कार्यालय में चंद्रोटी, गढ़ी, गुजराड़ा और सरोना की बहुउद्देशीय साधन सहकारी समितियों के नव-निर्वाचित सभापतियों, उपसभापतियों और सदस्यों का सम्मान किया। इस दौरान मंत्री जोशी ने पदाधिकारियों को पुष्पमालाएँ पहनाकर शुभकामनाएँ दीं।

 

उन्होंने कहा कि सहकारिता मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। समितियाँ किसानों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का बड़ा आधार बनती हैं। मंत्री जोशी ने नई टीम से पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर समितियों को मजबूत करने और क्षेत्रीय विकास में अग्रणी भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।

 

कार्यक्रम में विभिन्न सहकारी समितियों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ ही बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।