आपदा तैयारियों पर कांग्रेस का हमला

 

उत्तराखंड में मानसून और आपदा तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस की प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार अधिकारियों के साथ बैठकें तो कर रहे हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत देखने के लिए मैदान में नहीं उतर रहे। उनका आरोप है कि राजधानी देहरादून में ही जगह-जगह जलभराव और सड़कें बदहाल हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जब राजधानी का यह हाल है तो पूरे प्रदेश की स्थिति का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। रौतेला ने कहा कि केवल बैठकों और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने से काम नहीं चलेगा, बल्कि मुख्यमंत्री को स्वयं ग्राउंड पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लेना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार जिस “गड्ढा मुक्त सड़क” की बात करती थी, वह अब “गड्ढा युक्त सड़क” बन चुकी है।