देहरादून
उत्तराखंड की राजनीति में आज बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भाजपा के गढ़ में सेंधमारी करते हुए कई पूर्व नेताओं को अपने पाले में शामिल कर लिया। भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक भीमलाल आर्य और रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल समेत कई नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है और इसे आने वाले चुनावी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने साफ कहा कि जिन्हें पार्टी ने बाहर कर दिया है, वे भाजपा का चेहरा नहीं हो सकते। उन्होंने अनुशासन को पार्टी की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जो भी इसकी सीमा लांघता है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने यह भी तंज कसा कि पार्टी से निकाले गए लोग यदि कहीं और जा रहे हैं तो यह उनका व्यक्तिगत फैसला है, लेकिन कांग्रेस को भी सोचना चाहिए कि आखिर ऐसे नेताओं को भाजपा ने क्यों बाहर किया।