देहरादून
देहरादून के थाना कैंट क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो कार से एक करोड़ पचपन लाख रुपये की भारी नकदी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
15 मई को थाना कैंट पुलिस चेकिंग पर थी, तभी महाराष्ट्र नंबर की एक स्कॉर्पियो कार को रोका गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूला कि गाड़ी के पीछे एक सीक्रेट चैंबर बनाया गया है, जिसमें भारी मात्रा में कैश छिपा है।
पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी सतीश भाई, जसवंत सिंह और सचिन पटेल शामिल हैं, जो मूल रूप से मेहसाणा, गुजरात के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया है कि यह कैश बनारस से लाया जा रहा था और देहरादून में जसवंत सिंह को डिलीवर होना था।
आरोपियों के पास इस रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं। पुलिस ने संदिग्ध वाहन को सीज कर दिया है और आगे की जांच के लिए आयकर विभाग (Income Tax Department) के साथ समन्वय स्थापित कर दिया है। फिलहाल तीनों से पूछताछ जारी है।