देहरादून
देहरादून में पर्यटन सीजन और बढ़ते ट्रैफिक के मद्देनजर परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर कमर कस ली है। आरटीओ प्रवर्तन डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में शहर के विभिन्न संवेदनशील चौराहों पर विशेष रात्रि चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत विभाग की चार टीमें घंटाघर, बल्लूपुर चौक, ओएनजीसी चौक, मोक्खोवाला, आशारोड़ी और आईएसबीटी जैसे प्रमुख स्थानों पर मुस्तैद हैं। आरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि इस चेकिंग का मुख्य फोकस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर है। इसमें मुख्य रूप से ड्रंक एंड ड्राइव (शराब पीकर गाड़ी चलाना), ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग लेन ड्राइविंग, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के यात्रा करना, हाई बीम का अनुचित उपयोग और अनावश्यक हॉर्न बजाना शामिल है।
अभियान के शुरुआती दौर में ही विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 वाहनों के चालान काटे हैं, जबकि गंभीर उल्लंघन के मामले में 11 गाड़ियों को सीज किया गया है। डॉ. चमोला ने स्पष्ट किया कि यह अभियान देर रात तक जारी रहेगा, जिससे चालान और सीज किए गए वाहनों की संख्या और बढ़ सकती है। इस कदम से शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा में सुधार की उम्मीद है।