प्रशिक्षण अभियान के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी, जल्द शुरू होगी नई यात्रा।

देहरादून

 

प्रशिक्षण अभियान के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी, जल्द शुरू होगी नई यात्रा। पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश भर में संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के व्यापक प्रशिक्षण पर जोर देते हुए कहा कि राज्य में एक सुनियोजित अभियान के तहत मंडल, बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य पार्टी की रीति-नीति, कार्यपद्धति और वैचारिक प्रतिबद्धता को जमीनी स्तर तक सुदृढ़ करना है, ताकि कार्यकर्ता समाज जीवन में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यशाला के बाद अब जिलों और मंडलों में भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ नेताओं, अनुभवी पदाधिकारियों और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबे अनुभव वाले नेता कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली, विचारधारा और जनसेवा के मूल मंत्र से अवगत कराएंगे।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं और इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना भी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को इस दिशा में सक्षम बनाया जाएगा, ताकि वे पूरी प्रतिबद्धता और विश्वसनीयता के साथ समाज के बीच कार्य कर सकें।

मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि प्रदेश में शीघ्र ही एक नई यात्रा भी शुरू होने वाली है, जिसके माध्यम से सरकार और संगठन की नीतियों तथा उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर संगठन और अधिक सशक्त होकर उभरेगा।