देहरादून
देहरादून में भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने राजभवन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राजधानी में एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था, बढ़ते महिला अपराध, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत तथा प्रदेश प्रभारी एवं लोकसभा सांसद कुमारी शैलजा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने भय और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का वादा किया था, लेकिन वर्तमान हालात इसके उलट हैं। उनका कहना था कि सरकार जनता की समस्याओं को अनदेखा कर रही है, जिसके चलते कांग्रेस को राजभवन के माध्यम से अपनी आवाज राज्यपाल तक पहुंचानी पड़ रही है।
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने भी राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार और गरीबों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मनरेगा सहित कई योजनाओं में गड़बड़ी हो रही है और आम जनता की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह घेराव जनता की आवाज बुलंद करने के लिए है और आने वाले समय में प्रदेश की जनता बदलाव का निर्णय करेगी।