भारतीय जनता पार्टी ने 2027 चुनाव को लेकर संगठन विस्तार और प्रशिक्षण पर तेज की तैयारी।

देहरादून

 

भारतीय जनता पार्टी ने 2027 चुनाव को लेकर संगठन विस्तार और प्रशिक्षण पर तेज की तैयारी।

देहरादून में पार्टी संगठन की अहम बैठक के बाद प्रदेश स्तर पर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के संकेत मिले हैं। जगत प्रकाश नड्डा की मौजूदगी में हुई कोर टीम की बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, बूथ स्तर तक मजबूती और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति को केंद्र में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे को और गति देने पर सहमति बनी।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में तीन प्रमुख विषयों पर विशेष फोकस रहा। पहला, सरकार और संगठन के बीच प्रभावी तालमेल स्थापित करना, जिसमें सांसद, विधायक और मंत्रियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत 17 तारीख को मुख्यमंत्री के साथ जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक प्रस्तावित है।

दूसरा महत्वपूर्ण विषय बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बड़े सम्मेलन आयोजित करना है, जिससे चुनावी दृष्टि से जमीनी नेटवर्क को और मजबूत किया जा सके। तीसरा, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को गति देना है, जो न केवल चुनावी रणनीति बल्कि वैचारिक सुदृढ़ता के लिए भी अहम माने जा रहे हैं।

बैठक में अब तक आयोजित कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई और उन्हें आगे और प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया। प्रदेश नेतृत्व का दावा है कि केंद्रीय मार्गदर्शन के आधार पर जल्द ही नीतिगत फैसले लेते हुए नए कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी, ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित की जा सके।