देहरादून
देहरादून में जिम से लौटते युवक की गोली मारकर हत्या, आपसी रंजिश की आशंका।
देहरादून के अमन विहार क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब जिम से घर लौट रहे एक युवक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान विक्रम शर्मा, पुत्र अमित लाल, मूल निवासी सिंहभूम, जमशेदपुर (झारखंड) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में अमन विहार, देहरादून में रह रहा था। वारदात सुबह करीब सवा दस बजे की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उत्तराखंड पुलिस की फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून और अन्य उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने भी घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दो हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल पर कुछ दूरी पर उनका इंतजार कर रहा था। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मृतक के खिलाफ पूर्व में हत्या के तीन मुकदमे तथा रंगदारी से जुड़े मामले दर्ज थे। साथ ही झारखंड में सक्रिय एक गैंग से उसके संबंधों की भी पुष्टि की जा रही है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे आपसी रंजिश मुख्य वजह हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक टीम झारखंड रवाना की गई है, ताकि मृतक के आपराधिक इतिहास और संभावित दुश्मनी के पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा सके। फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।