देहरादून। भाजपा विधायक महंत दिलीप सिंह रावत ने कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत द्वारा भाजपा नेताओं पर की जा रही टिप्पणियों को अमर्यादित बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हरक सिंह के बयान उनके राजनीतिक दिवालियापन का परिचायक हैं। महंत रावत ने व्यंग्य करते हुए कहा कि हरक सिंह रावत का कोई भरोसा नहीं है, कल को यदि कांग्रेस में उनकी पूछ न रहे तो वे यह भी कह सकते हैं कि उन्होंने राहुल गांधी को राजनीति सिखाई, राजीव गांधी को प्रधानमंत्री बनाया और नेहरू पहले पैदा हुए इसलिए उन्हें सिखा नहीं पाए।
विधायक ने आगे कहा कि हरक सिंह को दिल्ली दरबार में अपना नंबर बढ़ाने की राजनीति छोड़ देनी चाहिए और गोदियाल से आगे निकलने के लिए ऐसे बयान देना बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है और कांग्रेस को भी इस पर संज्ञान लेना चाहिए।