देहरादून
लगभग सात साल के लंबे अंतराल के बाद उत्तराखंड में एलिफेंट सफारी दोबारा शुरू हो गई है। ऋषिकेश के पास स्थित राजाजी टाइगर रिज़र्व की चीला रेंज से इस बहुप्रतीक्षित सफारी की औपचारिक शुरुआत की गई, जिसे लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रमुख वन संरक्षक आर.के. मिश्र ने बताया कि एलिफेंट सफारी अपने-आप में एक बेहद रोमांचकारी अनुभव है, खासकर युवाओं और स्टूडेंट्स के लिए। उन्होंने कहा कि “हाथी पर बैठकर जंगल को देखने का अनुभव बिल्कुल अलग होता है। हाथी और मानव का रिश्ता सदियों पुराना है, और देश के कई राज्यों में ऐसी सफारियां पहले से संचालित हैं। अब उत्तराखंड में इसका पुनः शुरू होना पर्यटकों को बड़ी संख्या में आकर्षित करेगा। वन विभाग का मानना है कि एलिफेंट सफारी शुरू होने से न सिर्फ पर्यटकों को एक नया एडवेंचर अनुभव मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही जंगलों और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।