देहरादून
देहरादून में जिला प्रशासन ने एक कैंसर पीड़ित परिवार को बड़ी राहत देते हुए मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। रायपुर विकासखंड के मालदेवता निवासी संध्या रमोला ने जिलाधिकारी सविन बंसल से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई थी। संध्या के पति गले के कैंसर से पीड़ित हैं और उनका इलाज हिमालय अस्पताल में चल रहा है। बीमारी के कारण परिवार की आय पूरी तरह बंद हो गई थी, जबकि दो छोटे बच्चों और इलाज का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा था।
संध्या ने बताया कि उन्होंने स्वयं सहायता समूह और स्वरोजगार के लिए बैंक से ऋण लिया था, लेकिन पति की गंभीर बीमारी के चलते किश्तें जमा नहीं हो पाईं। इसके बाद बैंक की ओर से करीब 71 हजार रुपये जमा करने का नोटिस जारी किया गया था, जिससे परिवार मानसिक तनाव में था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सीएसआर फंड से 71 हजार रुपये का पूरा ऋण जमा कराकर परिवार को कर्जमुक्त कराया। इसके साथ ही रायफल क्लब मद से 50 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। जिला प्रशासन ने कहा कि जरूरतमंद और संकटग्रस्त परिवारों को हरसंभव सहायता देना प्रशासन की प्राथमिकता है।