उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए देवभूमि की मूल पहचान से समझौता किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल के घटनाक्रम से यह बात जनता के सामने पूरी तरह स्पष्ट हो गई है कि विपक्ष किस दिशा में काम कर रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले भी मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने जैसे मुद्दों पर बातें सामने आई थीं और यदि विपक्ष सत्ता में आता तो उसी दिशा में कदम बढ़ाए जाते। उन्होंने कहा कि अब जनता सब कुछ समझ चुकी है और सरकार किसी भी ऐसी गतिविधि को लेकर सख्ती बरतेगी जो राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक संतुलन के खिलाफ हो। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार जनभावनाओं और कानून के अनुरूप कड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगी।