आगामी कुंभ मेले को भव्य, सुरक्षित और ऐतिहासिक बनाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार की तैयारियां तेज

उत्तराखंड में आयोजित होने वाले आगामी कुंभ मेले को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासनिक स्तर पर लगातार बैठकों और समीक्षा के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विश्व प्रसिद्ध इस आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं, साधु-संतों और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कुंभ को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

इस संबंध में पंचायती राज, धर्मस्व एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कुंभ की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं और सरकार चाहती है कि सभी के सहयोग से इस आयोजन को सफल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्री उत्तराखंड पहुंचेंगे, इसलिए एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाना आवश्यक है ताकि हवाई यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।

 

मंत्री ने यह भी कहा कि कुंभ क्षेत्र में साधु-संतों के लिए समुचित आवास, सुविधाएं और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसके साथ ही उपलब्ध भूमि का सही और योजनाबद्ध तरीके से उपयोग किया जाएगा ताकि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था या लापरवाही न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य है कि कुंभ आयोजन के दौरान कोई भी कमी या चूक न रहने पाए।

 

सतपाल महाराज ने रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रेन और विमान सेवाएं बेहतर तरीके से संचालित की जाएंगी, ताकि यात्रा सुगम और सुरक्षित हो सके। सरकार कुंभ को एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और यादगार आयोजन बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।