ABVP अधिवेशन में CM धामी शामिल

देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के 71वें ‘राष्ट्रीय अधिवेशन’ और प्रो. यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार समारोह में देशभर से आए कार्यकर्ताओं का विशाल जमावड़ा देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद सात दशकों से अधिक समय से व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि अधिवेशन में देश के पश्चिम, उत्तर, दक्षिण, पूर्वोत्तर और सुदूरवर्ती क्षेत्रों से हजारों कार्यकर्ता आए हैं, जिससे यह आयोजन एक “महासंगम” बन गया है।सीएम धामी ने कहा कि द्रोणनगरी देहरादून में यह अधिवेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है और शोभायात्रा ने देवभूमि में नई ऊर्जा का संचार किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि परिषद के कार्यकर्ता यहां से राष्ट्रभावना, समाज सेवा और संगठन की रीति-नीति के प्रति नई प्रेरणा लेकर जाएंगे।

उन्होंने अधिवेशन की सफलता पर सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि विद्यार्थी परिषद में कार्यकर्ता रूप में जुड़े होने के कारण इस आयोजन की मेजबानी करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।