सैकड़ों पूर्व सैन्य अधिकारी और विभिन्न दलों के नेता भाजपा में शामिल

सैकड़ों पूर्व सैन्य अधिकारी और विभिन्न दलों के नेता भाजपा में शामिल

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित ज्वाइनिंग कार्यक्रम में सैकड़ों पूर्व सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।

इस अवसर पर भट्ट ने कहा कि “राष्ट्र सर्वोपरि” की विचारधारा पर आगे बढ़ते हुए उत्तराखंड में 2027 में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली से आने वाले नेताओं के झूठ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति वीरभूमि और देवभूमि का विश्वास नहीं डिग सकता।

भाजपा में शामिल होने वालों में यूकेडी के केंद्रीय प्रवक्ता एवं सेवानिवृत्त कैप्टन राकेश ध्यानी, डीआईजी धर्म शक्तु, पूर्व नौसेना अधिकारी उमेश कुनियाल, कर्नल नवीन मिश्रा, कर्नल सीएस शर्मा, लोकगायिका एवं शहीद पत्नी महिमा उनियाल, कीर्तिचक्र सम्मानित शहीद अजय वर्धन तोमर की पत्नी लक्ष्मी तोमर और समाजसेवी इलियास अहमद समेत कई प्रमुख नाम शामिल रहे।

भट्ट ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने सेना के आधुनिकीकरण, वन रैंक वन पेंशन और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूती दी है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की सैन्य शक्ति आज दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में चारधाम यात्रा, सड़क, स्वास्थ्य, हवाई सेवा और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने नए सदस्यों से 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की हैट्रिक के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।