डीएम चंपावत मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के अनुसार अपनी विधानसभा चम्पावत जनपद को एक ‘आदर्श जनपद’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। पर्यावरण, पर्यटन और संस्कृति से समृद्ध इस जिले को अब वैश्विक स्तर पर योग के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की तैयारी है। शारदा कॉरिडोर और गोल्ज्यू कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में भी योग को मुख्य आधार बनाया गया है।
स्वामी विवेकानंद की तपोस्थली रहे इस क्षेत्र और लोहाघाट स्थित अद्वैत आश्रम मायावती के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए पूरे जिले में ‘जन-जन योग, घर-घर योग’ अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नागरिकों को योग के लाभों और इसके महत्व से जोड़ा जा सके।आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वयं मुख्यमंत्री इस विशेष योग अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योग विशेषज्ञ, विद्वान, स्थानीय जनता और विशेष रूप से सेना के जवान प्रतिभाग करेंगे।
इसके साथ ही, जिले के हर गांव में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ‘योग सखी दीदी’ पहल की शुरुआत की जा रही है, जिसके तहत स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षित कर वेलनेस सेंटरों, होटलों और होम-स्टे में बतौर योग प्रशिक्षक नियुक्त किया जाएगा। इस पूरी मुहिम का उद्देश्य चम्पावत को न केवल स्वास्थ्य, अध्यात्म और पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाना है, बल्कि योग के माध्यम से स्थानीय नागरिकों के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित करना भी है।
बाइट:—– मनीष कुमार डीएम चंपावत