मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित समारोह में नगर एवं ग्राम नियोजन, प्राविधिक शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास तथा वन विभाग के अंतर्गत चयनित 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

देहरादून

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित समारोह में नगर एवं ग्राम नियोजन, प्राविधिक शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास तथा वन विभाग के अंतर्गत चयनित 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि जनसेवा के नए दायित्व की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं तथा नकल विरोधी सख्त कानून लागू किया है, जिससे युवाओं को उनकी योग्यता और मेरिट के आधार पर अवसर मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने नवचयनित कार्मिकों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी युवा विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।