देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्रा मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने तथा भारी वाहनों को केवल रात्रिकाल में संचालन की अनुमति देने को कहा।
मुख्यमंत्री ने धामों में क्षमता के अनुरूप दर्शन व्यवस्था के लिए एसओपी तैयार करने, भीड़ प्रबंधन को वैज्ञानिक एवं चरणबद्ध तरीके से लागू करने तथा होल्डिंग एरिया में भोजन, पेयजल, पार्किंग, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को मौसम, यातायात, मार्ग अवरोध और दर्शन संबंधी अद्यतन जानकारी एलईडी, सोशल मीडिया, व्हाट्सएप चैनल और एफएम रेडियो के माध्यम से लगातार उपलब्ध कराई जाए।
मानसून को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में जेसीबी, पोकलैंड मशीन, एम्बुलेंस, सैटेलाइट फोन और राहत-बचाव उपकरणों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा से जुड़े जिलों के डीएम और एसपी को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता जांच, रेट लिस्ट प्रदर्शन और गंभीर मरीजों के लिए हेली एम्बुलेंस समन्वय व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया।