देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 134वें संस्करण को सुना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने वाला सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री द्वारा आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर दिए गए संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों से समाज में बदलाव ला रहे हैं और सरकार ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित कर रही है।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद कर उनके विचार जाने। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य रुचिकर गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास समाज में बड़े बदलाव का आधार बनते हैं।