देहरादून:
जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत कोतवाली डोईवाला पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान एक शातिर शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने में जुटी हुई है।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एयरपोर्ट रोड, जॉलीग्रांट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी कुलदीप पार्छा (25 वर्ष) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 114 टेट्रा पैक अवैध देसी शराब और 24 कैन बीयर बरामद हुई। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी (UK07BA-4816) को भी सीज कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।