देहरादून
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद राज्य के मेधावी छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर राज्य सरकार ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद्, रामनगर द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल परीक्षा के टॉपर्स अक्षत गोपाल, इशांत कोठारी, भूमिका और योगेश जोशी से संवाद कर उनकी मेहनत की सराहना की। वहीं इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली गीतिका पंत, सुशीला मेंदीरत्ता, आर्यन और वंशिका को भी फोन कर शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताते हुए उनकी भूमिका की सराहना की। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहने और राज्य व देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और मेधावी छात्रों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।