देहरादून
पवित्र पर्व होली के शुभ अवसर पर राजधानी देहरादून रंगों की बौछार और खुशियों की फुहार से सराबोर नजर आया। शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गिले-शिकवे दूर किए और प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोगों में उत्साह देखने को मिला। छोटे बच्चे पानी वाले गुब्बारों और पिचकारियों के साथ होली का आनंद लेते नजर आए, वहीं युवा और बड़े लोग गीत-संगीत की धुन पर झूमते हुए रंगों का त्योहार मनाते दिखे।
कई स्थानों पर सामूहिक होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। लोगों का कहना था कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सौहार्द और बुराइयों को त्यागने का संदेश देने वाला पर्व है।पूरे दिन शहर में हर्षोल्लास का माहौल बना रहा और देहरादूनवासियों ने आपसी भाईचारे के साथ होली का पर्व शांतिपूर्वक मनाया।