मौसम में बदलाव के बीच दून अस्पताल की ओपीडी में बढ़ी मरीजों की भीड़, वायरल संक्रमण, टाइफाइड और हेपेटाइटिस-ए के मामलों में इजाफा।

देहरादून

मौसम में बदलाव के बीच दून अस्पताल की ओपीडी में बढ़ी मरीजों की भीड़, वायरल संक्रमण, टाइफाइड और हेपेटाइटिस-ए के मामलों में इजाफा

मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। सुबह-शाम हल्की ठंड और दोपहर में बढ़ती गर्मी के कारण संक्रमणजनित बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। राजधानी स्थित दून अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।

 

अस्पताल के फिजिशियन एवं इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. कुमार जी कौल के अनुसार, केवल एक दिन की ओपीडी में ही वह लगभग 124 मरीजों को देख चुके हैं। उन्होंने बताया कि इन दिनों वायरल इंफेक्शन और गले के संक्रमण यानी अपर रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इंफेक्शन के मरीजों की संख्या अधिक है। मरीजों में बुखार, खांसी, बलगम, सांस लेने में दिक्कत, सीने में दर्द, आंखों से पानी आना, छींक और राइनाइटिस जैसी शिकायतें आम तौर पर देखी जा रही हैं।

 

डॉक्टरों का कहना है कि मौसम के उतार-चढ़ाव से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ जाती है, जिससे सामान्य संक्रमण भी तेजी से असर दिखाने लगते हैं। इसके अलावा टाइफाइड, फूड पॉइजनिंग और हेपेटाइटिस-ए के मामलों में भी बढ़ोतरी देखी गई है। हालांकि अधिकांश मरीज ओपीडी स्तर पर ही उपचार ले रहे हैं और गंभीर रूप से भर्ती होने की स्थिति कम है, लेकिन जांच में कई मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है।

 

विशेषज्ञों के मुताबिक बाहर का अधपका या अस्वच्छ भोजन और दूषित पानी इन बीमारियों की मुख्य वजह है। ऐसे में लोगों को साफ-सफाई, शुद्ध पानी के सेवन और संतुलित आहार पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है, ताकि संक्रमण से बचाव किया जा सके।