उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पर घमासान: UKD ने विधायक उमेश शर्मा काऊ की गिरफ्तारी की उठाई मांग।

देहरादून

 

उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पर घमासान: UKD ने विधायक उमेश शर्मा काऊ की गिरफ्तारी की उठाई मांग।

देहरादून में कानून व्यवस्था को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। उत्तराखंड क्रांति दल ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। पार्टी के केंद्रीय महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि प्रदेश में “जंगलराज” जैसी स्थिति बन गई है और सरकार दोहरे मापदंड अपना रही है।

यह बयान हाल ही में शिक्षा निदेशालय में हुई एक घटना के बाद सामने आया है, जिसमें रायपुर से उमेश शर्मा काऊ पर निदेशक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगा है। UKD का कहना है कि इस मामले में विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है, इसके बावजूद अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पार्टी ने इसे कानून के समान अनुपालन के सिद्धांत के खिलाफ बताया है।

UKD ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर संबंधित विधायक की गिरफ्तारी नहीं होती है तो पार्टी पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर सरकार की होगी। पार्टी का कहना है कि जब विपक्ष आवाज उठाता है तो त्वरित कार्रवाई होती है, लेकिन सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों के मामलों में नरमी बरती जाती है।

वहीं, UKD ने यह भी दावा किया कि राज्य में महिलाओं, बेटियों और सरकारी कर्मचारियों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ी है। पार्टी ने खुद को आम जनमानस और कर्मचारियों के हितों की “ढाल” बताते हुए कहा कि किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

घटना के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और अब सबकी नजर सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी है।