महिला अपराधों पर सख्ती के संकेत, देहरादून पुलिस ने तेज कार्रवाई का भरोसा दिलाया

देहरादून में हाल ही में सामने आई एक घटना के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क मोड में आ गया है। महिला सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और भविष्य में इनकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभी थाना प्रभारी और सर्कल ऑफिसरों को इस संबंध में अलर्ट कर दिया गया है। महिला संबंधी किसी भी अपराध की सूचना, चाहे वह प्राथमिकी के रूप में हो या केवल आवेदन के तौर पर, मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। संबंधित चौकी और थाना प्रभारी के साथ लेडी पुलिस अधिकारियों को भी मामले में शामिल किया जाएगा। एसपी सिटी ने भरोसा दिलाया कि देहरादून पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रभावी कदम उठाएगी, जिसमें काउंसलिंग, हैबिटुअल अपराधियों पर सख्त कार्रवाई और गौरा-चीता मोबाइल व महिला सुरक्षा बूथों को और अधिक सक्रिय करना शामिल है।