युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अवसर देने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने खेल महाकुंभ को नए रूप में प्रस्तुत किया है।

देहरादून

 

 

युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अवसर देने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने खेल महाकुंभ को नए रूप में प्रस्तुत किया है। इसी क्रम में मीडिया सेंटर, सचिवालय परिसर, देहरादून में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने प्रतियोगिता के स्वरूप, आयु वर्ग और विभिन्न स्तरों पर होने वाले खेल मुकाबलों की जानकारी दी।मंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से संचालित खेल महाकुंभ को अब “मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी” के नाम से आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिताएं 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए होंगी, जिनमें विकासखंड स्तर पर पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। इसके बाद विधानसभा स्तर पर कबड्डी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, उत्तराखंड के सांस्कृतिक खेल मुर्गा झपट बैडमिंटन सहित अन्य खेल आयोजित होंगे, जिन्हें विधायक ट्रॉफी के नाम से जाना जाएगा। राज्य स्तर पर जूडो, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, बास्केटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल, तीरंदाजी, फेंसिंग, कुश्ती, पावरलिफ्टिंग जैसे खेल शामिल किए गए हैं। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी बैडमिंटन प्रतियोगिता रखी गई है।प्रतियोगिताओं में मेडल के आधार पर अंक दिए जाएंगे, जिनके माध्यम से मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का निर्धारण होगा। साथ ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान भी किया गया है। वर्तमान में प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है।