देहरादून –: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को पत्र लिखकर एम्स ऋषिकेश में मल्टी ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन सर्जरी विभाग स्थापित करने का अनुरोध किया है। सीएम ने कहा कि हाल के वर्षों में एम्स ऋषिकेश में उन्नत चिकित्सा सेवाओं, विशेषकर अंगदान और मल्टी ऑर्गन प्रत्यारोपण की मांग तेजी से बढ़ी है। प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी गंभीर मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।उन्होंने बताया कि अंगदान जागरूकता बढ़ने से संभावित डोनर्स में वृद्धि हुई है, लेकिन किडनी, लिवर, पैंक्रियाज और हार्ट ट्रांसप्लांट की जरूरत वाले मरीजों को अभी भी बाहरी राज्यों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों प्रकार की समस्याएँ सामने आती हैं। सीएम धामी ने कहा कि एम्स ऋषिकेश में विशेषज्ञ डॉक्टर और आवश्यक बुनियादी ढांचा पहले से मौजूद है। ऐसे में मल्टी ऑर्गन ट्रांसप्लांट विभाग की स्थापना उत्तराखण्ड के साथ पूरे उत्तर भारत एवं हिमालयी क्षेत्रों के मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी होगी। उन्होंने केन्द्र सरकार से इस विभाग के गठन हेतु शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है।