PCC अध्यक्ष गणेश गोदियाल बोले, कांग्रेस की कार्यकारिणी वैध, नई जल्द

देहरादून:प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कार्यकारिणी को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही चर्चाओं और सवालों पर अब PCC अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस की पूर्व में गठित कार्यकारिणी अभी भी प्रभावी है और वैध रूप से काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकारिणी को लेकर जो भ्रम फैलाया जा रहा है, वह गलत है।

 

गणेश गोदियाल ने कहा कि पार्टी जल्द ही अपनी नई कार्यकारिणी का गठन करेगी, लेकिन जब तक नई कार्यकारिणी औपचारिक रूप से घोषित नहीं होती, तब तक वर्तमान कार्यकारिणी ही अधिकृत और मान्य मानी जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग यह दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस में कार्यकारिणी अस्तित्व में ही नहीं है, जबकि वास्तविकता यह है कि पूर्व कार्यकारिणी यथावत है और उसकी वैधता बनी हुई है।

 

PCC अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कांग्रेस संगठनात्मक रूप से मजबूत है और जल्द ही नई टीम के साथ और मजबूती से मैदान में दिखाई देगी। उन्होंने बताया कि कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया जारी है और समय आने पर इसे सार्वजनिक कर दिया जाएगा, जिसके बाद नई कार्यकारिणी को पूर्ण वैधता मिल जाएगी।

 

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आंतरिक विवादों व भ्रम की राजनीति से दूर रहते हुए एकजुट होकर आगामी चुनावी और संगठनात्मक चुनौतियों के लिए तैयार रहने की अपील की। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की जनता की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और कार्यकारिणी को लेकर फैलाई जा रही गलतफहमियों से पार्टी का मनोबल प्रभावित नहीं होगा।