चार साल में 27 हजार नियुक्तियां, सीएम का दावा

देहरादून:उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों की पारदर्शिता और योग्यता आधारित चयन प्रक्रिया को लेकर सरकार लगातार सक्रिय है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दावा किया कि बीते साढ़े चार वर्षों में लगभग 27 हजार युवा सरकारी सेवाओं में सम्मिलित हुए हैं, और यह अवसर पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रदान किए गए।

 

सीएम के अनुसार यह आंकड़ा राज्य गठन के बाद अब तक हुई कुल भर्तियों का लगभग दो-तिहाई है, जो इस अवधि में भर्ती प्रक्रिया की रफ्तार और सुधार के संकेत देता है। उन्होंने बताया कि लंबित परीक्षाओं को तेजी से निपटाया जा रहा है और भर्ती कैलेंडर भी जारी कर दिया गया है, ताकि युवा आगामी अवसरों के लिए अपनी तैयारी समय पर कर सकें।

 

सरकार का कहना है कि लम्बे समय तक अटकी भर्तियों को पटरी पर लाने के साथ-साथ नकल विरोधी कानून लागू कर परीक्षा व्यवस्था को और सख़्त किया गया है। परीक्षा प्रणाली में तकनीकी पारदर्शिता, पेपर लीक पर कड़ी कार्रवाई तथा आयोगों की क्षमता बढ़ाने जैसे कदमों को सरकार अपनी उपलब्धियों में गिनाती है।

 

मुख्यमंत्री धामी ने आगे कहा कि शासकीय सेवाओं में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और आगामी महीनों में भी कई नई भर्तियों के विज्ञापन जारी होने की तैयारी है।