देहरादून – गोवा के अरपोरा क्षेत्र स्थित एक नाइटक्लब में लगे भीषण आग हादसे में कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर सामने आई है। इस दर्दनाक घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दुर्घटना में उत्तराखंड के 5 युवाओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य प्रभावितों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सीएम धामी ने इस घटना के बाद गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से फोन पर बातचीत कर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गोवा प्रशासन के संपर्क में है और घटना पर लगातार नजर बनाए हुए है। साथ ही प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
