देहरादून। राज्य में दुग्ध उत्पादक सहकारी संघों के कर्मचारियों के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत मिली है। लगभग 15 वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को सरकार ने फिर से शुरू कर दिया, जिसके बाद नैनीताल और उधम सिंह नगर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघों में उत्साह देखा गया। इसी क्रम में सर्वे चौक स्थित I.R.D.T. ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को शॉल व प्रतीक चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि वर्षों से पदोन्नति रुकने के चलते कार्य क्षमता और मनोबल प्रभावित हो रहा था, लेकिन सरकार की पहल से अब संगठन में नई ऊर्जा आएगी। इस दौरान मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सरकार दुग्ध संघों, किसान हितों और मृतक आश्रितों से जुड़े पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटा रही है। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।
मंत्री बहुगुणा ने विश्वास जताया कि पदोन्नति बहाली के बाद कर्मचारियों में उत्साह बढ़ेगा और वे संगठन की प्रगति व दुग्ध उद्योग के विस्तार में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आंचल को सिर्फ राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर एक पहचान मिले, इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और किसान संगठनों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी, पदाधिकारी और संगठन प्रतिनिधि मौजूद रहे।
