देहरादून में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के एक शातिर नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

देहरादून

 

देहरादून में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के एक शातिर नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। देर रात कवाली रोड पर कार्रवाई के दौरान टीम को 10 पेटी शराब मिली, जिन पर आर्मी के नाम के नकली लेबल और “फॉर सेल इन डिफेंस ओनली” के फर्जी टैग चिपकाए गए थे। इसी सुराग को आगे बढ़ाते हुए विभाग सुबह अधोईवाला पहुंचा, जहां एक मकान को गुप्त गोदाम की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था। यहां से 13 पेटी और शराब बरामद हुई, सभी पर वही फर्जी सैन्य लेबल लगे हुए थे, जिससे यह साफ हो गया कि पूरा खेल असली शराब को नकली सरकारी सप्लाई की तरह दिखाने का था।

प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट ने बताया कि शराब असली है, लेकिन उस पर लगाए गए लेबल पूरी तरह फर्जी हैं। सिंडिकेट यूपी-मेरठ और आसपास के इलाकों से शराब मंगाता था और यहां नकली लेबल लगाकर शादी-पार्टियों में महंगे दामों पर बेचता था। मौके से वकील अहमद गिरफ्तार हुआ है, जबकि बाकी नेटवर्क की तलाश जारी है। विभाग का कहना है कि यह गैंग लंबे समय से सक्रिय था और आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।