देहरादून
स्वास्थ्य विभाग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से लेकर गांधी जयंती तक स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत पूरे राज्य में 4,114 विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करने जा रहा है। इन शिविरों का मुख्य फोकस महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर रहेगा, जहाँ नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच और उपचार की सुविधा दी जाएगी। ये विशेष शिविर राज्य के जिला अस्पतालों, उप जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयोजित किए जाएंगे। देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में कुल 425 शिविर लगाए जाएंगे। इनमें से बड़े स्वास्थ्य शिविर नगर निकाय क्षेत्रों में आयोजित होंगे। नगरीय (अर्बन) क्षेत्रों में 12 कैंप, ऋषिकेश अर्बन क्षेत्र में 2 कैंप और ग्राम पंचायत क्षेत्रों में 412 कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे, साथ ही आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। सभी शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जाँच के साथ-साथ स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की सेवाएं भी दी जाएंगी। यह विशेष स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चलेगा।