चंपावत:
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह रविवार को जनपद चंपावत के भ्रमण पर पंहुचे। यहॉ उन्होंने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बनबसा में एसएसबी तथा भारतीय सेना के वीर सैनिकों से मिलकर उनकी हौसला अफजाई करी। उन्होंने 26 राजपूत पल्टन बनबसा में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सेना के जवानों से मुलाकात कर उनके द्वारा सेना में की गई सेवा के अपने अनुभव साझा किए। भ्रमण के दौरान राज्यपाल द्वारा भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी के मैत्री गेट में क्षेत्र के भूतपूर्व सैनिकों से भी मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी। राज्यपाल सीधे सीमा के प्रहरी वीर जवानों से मिले उन्होंने अपने द्वारा बनबसा क्षेत्र में तैनाती के दौरान सेना में की गई 3 साल के सेवाकाल को याद करते हुए अपने अनुभव सांझा किए।
राज्यपाल ने कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें वह अगले जन्म में भी एक फौजी ही बनाएं ताकि की वह राष्ट्र की रक्षा व सेवा कर सके। इस दौरान वह बनबसा एसएसबी कैम्प में नए एसएसबी प्रशिक्षुओं से भी मिले तथा उन्हें विभिन्न ड्यूटी के दौरान हमेशा अलर्ट रहने के साथ ही आत्मविश्वास बनाए रखने की बात उनसे कही। राज्यपाल ने कहा कि विषम परिस्थितियों में हमारे जवानों द्वारा निःस्वार्थ सेवाभाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया जा रहा है। इन जवानों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा पर हम सभी को गर्व है। राज्यपाल ने कहा कि इस सीमा क्षेत्र में एक अलग चुनौती है उन्हें हमेशा अलर्ट रहना होगा। उन्होंने जवानों से उनकी समस्याओं तथा चुनौतियों के बारे में भी जानकारी ली। भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने एसएसबी कैम्प परिसर में पौधरोपण भी किया। इस दौरान एसएसबी के कमांडेंट मनोहर द्वारा सुरक्षा कार्यों व अन्य गतिविधियों के बारे में विभिन्न जानकारी दी गई। इस दौरान सेना के कर्नल आकाश कपाड़िया द्वारा राज्यपाल महोदय को प्रतीक चिह्न भेट कर उनका स्वागत एवं सैनिकों की हौसला अफजाई करने पर उन्हें धन्यवाद दिया गया।