चारधाम यात्रा की सफलता, धामी सरकार की व्यवस्थाओं का प्रमाण 

 

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच रही है। आज गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद आगामी चार से पांच दिनों में केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। इसके साथ ही नियमित चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा और शीतकालीन यात्रा की तैयारियां शुरू होंगी। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। श्रद्धालुओं की इस रिकॉर्ड संख्या को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने प्रदेश सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर बेहतर काम किया। यात्रा का सफल और सुनियोजित संचालन न केवल सरकार की कार्यशैली को दर्शाता है, बल्कि इससे विश्वभर में उत्तराखंड की धार्मिक और पर्यटन पहचान भी मजबूत हुई है।