जेनी प्रकरण का मामला शांत होता नजर नहीं आ रहा है। मामले को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी के साथ अलग-अलग लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। राजधानी देहरादून के प्रेस क्लब में पूर्व सैनिक रिटायर्ड कैप्टन ताजबीर नेगी ने प्रेस वार्ता कर हरक सिंह रावत के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगर हरक सिंह रावत का नार्को टेस्ट न्यायालय के निर्देश पर कराया जाता है तो वह इसके लिए तैयार हैं, लेकिन सीबीआई जांच की निष्पक्षता को लेकर उन्होंने सवाल उठाए। ताजबीर नेगी ने आशंका जताई कि सीबीआई जांच में छेड़छाड़ की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत न्यायालय के निर्देशों का पालन करने और जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक पूर्व सैनिकों का विरोध जारी रहेगा और वे हरक सिंह रावत के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
