देहरादून
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। बीजेपी में कुछ दिन पहले विधायकों के रिपोर्ट कार्ड जारी किए जाने की चर्चा थी, लेकिन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से विधायकों का कोई रिपोर्ट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा। पार्टी अपने सभी विधायकों के साथ लगातार संपर्क में है और सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। साथ ही, पार्टी को लगातार उनके क्षेत्रों से फीडबैक भी मिल रहा है।
महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश स्तर पर पार्लियामेंट्री बोर्ड के माध्यम से संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि संभव है कि इस बार बीजेपी अपने विधानसभा प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही कर दे।