देहरादून में मौसम का अचानक बदलाव

 

देहरादून में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान काले घने बादलों से पूरी तरह ढक गया, जिससे दिन में ही शाम जैसा अंधेरा छा गया। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है और बीच-बीच में बिजली की गर्जन ने माहौल को और भयावह बना दिया है।

 

सुबह के समय ही शहर में रोशनी कम हो गई, जिससे लोगों को दिन में ही लाइट जलानी पड़ी। अचानक बदले मौसम ने जनजीवन पर असर डाला है और कई इलाकों में लोग घरों में ही रहने को मजबूर हो गए हैं।

 

मौसम विभाग ने पहले ही इस बदलाव का पूर्वानुमान जताया था। विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

 

इसके साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों (4000 मीटर और उससे अधिक) में गर्जन और चमक के साथ बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है।

 

वहीं, उत्तराखंड के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।