देहरादून
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पिछले तीन दिनों से तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री ऊपर चल रहा है। पहाड़ी इलाकों में तापमान 4 डिग्री तो मैदानी क्षेत्रों में 3 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया गया है। मौसम विभाग द्वारा अगले सात दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ० सी.एस तोमर ने बताया कि अगले 24 घंटे में उत्तरकाशी, चमोली, उत्तरकन्नड़, पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है। 25, 26 और 27 अप्रैल को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर बाकी जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं, वही 28 अप्रैल से बारिश का सिलसिला बढ़ेगा। उत्तर के जिलों में कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में बहुत हल्की बारिश रहेगी। 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी संभव है। सी. एस तोमर ने बताया कि अगले तीन दिन और 28 अप्रैल के लिए चेतावनी जारी की है। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलेंगी। कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने यात्रियों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु मौसम देखकर ही आगे बढ़ें।