चंपावत
मुख्यमंत्री ने साइंस सेंटर का किया निरीक्षण। मेधावी छात्राओं को बांटे लैपटॉप व पुरस्कार राशि के चेक।
करोड़ों की योजनाओं का किया शिलाविन्यास। 100 फुट ऊंचे तिरंगे का किया लोकार्पण।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज मंगलवार को अपनी विधानसभा चंपावत के दौरे पर रहे। मुख्यमंत्री के चंपावत पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बुलडोजर भी तैनात किए गए थे। सर्वप्रथम मुख्यमंत्री ने 56 करोड रुपए की लागत से बन रहे अत्याधुनिक साइंस सेंटर का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता,प्रगति एवं समयबद्धता का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा यह केंद्र विद्यार्थियों के लिए आवासीय वैज्ञानिक शिक्षण का महत्वपूर्ण स्थल बनेगा। तत्पश्चात मुख्यमंत्री ने मोटर स्टेशन चंपावत में 100 फीट ऊंचे तिरंगे व विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा तिरंगा हमारे देश की आन बान और शान तिरंगे को ऊंचा रखने के लिए हजारों वीर सैनिकों ने अपनी शहादत दी है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के द्वारा वीरांगनाओं व पूर्व सैनिकों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया । जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने चंपावत जिले व प्रदेश में भाजपा सरकार के द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। जिसके बाद मुख्यमंत्री ऑडिटोरियम पहुंचे जहां यू कास्ट के (सी फॉर स्टेम उत्तराखंड) कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने 50 मेधावी छात्राओं को 10/10 हजार रुपए के चेक व लैपटॉप का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही है जहां चंपावत में प्रदेश के तीसरे साइंस सेंटर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है तो वही शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए सरकार प्रयासरत है। शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं व लोगों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा सरकार प्रदेश को शिक्षा का हब बनाने का पूरा प्रयास कर रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई विकास कार्यों की घोषणाएं की। कार्यक्रम में भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।