जनता की सुविधा के लिए सरकार की योजनाएं ज़मीन पर उतरीं, शिविरों के जरिए हो रहा समाधान: सीएम धामी

उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित जनहित कार्यक्रमों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये योजनाएं पूरी तरह जनता की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। सरकार और प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि लोगों को सरकारी दफ्तरों और मुख्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से सभी प्रशासनिक विभागों को मौके पर जाकर शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जहां आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। साथ ही रुके हुए विकास कार्यों में समन्वय कर उन्हें आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है और अब तक पांच लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें अधिकांश का समाधान किया जा चुका है