देहरादून
आगामी 8 फरवरी को अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रस्तावित सर्वदलीय महापंचायत से पहले प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बीजेपी मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने इस मामले को लेकर विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी है और उसे न्याय दिलाना राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है। सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस मामले में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।मनवीर चौहान ने कहा कि हत्यारों को उम्रकैद की सजा मिल चुकी है और सरकार की मंशा इससे भी कड़ी सजा दिलाने की रही है। जनभावनाओं के अनुरूप सीबीआई जांच की संस्तुति की गई, जिस पर वर्तमान में जांच चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के अन्य राजनीतिक दल अंकिता के नाम पर केवल राजनीति कर रहे हैं और न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं।बीजेपी मीडिया प्रभारी ने कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी कभी सीबीआई जांच की मांग करती है और कभी उसी जांच पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कांग्रेस से स्पष्ट करने को कहा कि वह इस मुद्दे पर वास्तव में क्या चाहती है—न्याय या सिर्फ राजनीति। साथ ही कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व और सर्वदलीय गठबंधन के नेतृत्व को लेकर भी सवाल खड़े किए।