दून स्थित परेड ग्राउंड में उत्तरायणी कैथिक महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ।

देहरादून

 

दून स्थित परेड ग्राउंड में उत्तरायणी कैथिक महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का आयोजन 5 फरवरी से 8 फरवरी तक किया जा रहा है। कार्यक्रम में सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक गीता धामी ने राज्यपाल का स्वागत किया।महोत्सव में लोक कला, पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामाजिक गतिविधियों की झलक देखने को मिली। राज्यपाल ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों और कारीगरों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कौथिक उत्तराखंड की सभ्यता, संस्कृति और विरासत को दर्शाने का एक सशक्त मंच है और ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता व आर्थिक विकास को भी बल मिलता है।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि यह आयोजन सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ने, सामाजिक एकता को मजबूत करने और आर्थिक विकास को गति देने का माध्यम है। उन्होंने गीता धामी द्वारा सेवा, संकल्प और सामाजिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से किए गए इस प्रयास की सराहना की और कहा कि उत्तराखंड के उत्पाद, जड़ी-बूटियां, मिलेट्स और पारंपरिक वस्तुएं वैश्विक स्तर पर पहचान बना रही हैं।

वहीं आयोजक गीता धामी ने कहा कि यह ईश्वर का आशीर्वाद है कि राज्य की संस्कृति, परंपराओं और लोक कलाकारों को एक साझा मंच मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों से आए कारीगरों और उत्पादकों को आर्थिक सहयोग देना और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखना है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।