देहरादून
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का उद्देश्य दूर-दराज और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले आम लोगों तक सरकारी सुविधाएं उनके घर के पास पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत सभी प्रशासनिक विभाग न्याय पंचायत स्तर पर जाकर जनसुनवाई कर रहे हैं और लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने चमोली और पिथौरागढ़ जैसे जिलों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां से जिला मुख्यालय पहुंचने में लोगों का कई दिन खर्च हो जाता है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी होती है। इसी को देखते हुए यह पहल शुरू की गई है, ताकि जनता को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और खर्च भी न उठाना पड़े। सीएम धामी ने बताया कि वे स्वयं इस कार्यक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और मंत्री, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि भी कैंपों में जाकर सहयोग कर रहे हैं। अब तक 50 हजार से अधिक लोग इन कैंपों में भाग ले चुके हैं और यह कार्यक्रम 45 दिनों तक चलेगा।