देहरादून
न्यू ईयर और अन्य फेस्टिवल सीजन को देखते हुए देहरादून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि बीते वर्षों के अनुभव के आधार पर यह देखा गया है कि बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ पर्यटक जश्न के दौरान हुड़दंग और ड्रंक एंड ड्राइविंग जैसी घटनाओं में शामिल हो जाते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एल्को मीटर से जांच की संख्या बढ़ा दी है। शहर के प्रमुख मार्गों, बाहरी चेकपोस्टों और खासतौर पर मसूरी जाने वाले रास्तों पर रैंडम चेकिंग की जाएगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि देहरादून आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन यदि किसी के खिलाफ हुड़दंग, शराब पीकर वाहन चलाने या लड़ाई-झगड़े की शिकायत मिलती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन सीज करने के साथ-साथ आरोपी को हिरासत में भी लिया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से त्योहारों का आनंद लें।